सेवा में,
महानिबंधक महोदय,
उच्च न्यायालय, उत्तराखंड,
नैनीताल
विषय: ग्रीष्म ऋतु में काला कोट पहनने से छूट/शिथिलता प्रदान किए जाने हेतु प्रार्थना पत्र (जनरल रूल्स (सिविल) के नियम 615 के आलोक में)
महोदय,
प्रार्थी सविनय निवेदन करता है कि यह प्रार्थना पत्र आपके कृपापूर्ण विचारार्थ प्रस्तुत है।
कि, राज्य में वर्तमान समय में अत्यधिक गर्मी एवं हीटवेव की स्थिति बनी हुई है, जिसके कारण न्यायालय में कार्यरत अधिवक्ताओं के लिए काला कोट पहनना अत्यंत कष्टसाध्य हो गया है, जिससे न केवल असुविधा उत्पन्न होती है अपितु स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की भी संभावना बनी रहती है, जिससे उनके पेशेवर कर्तव्यों के प्रभावी निर्वहन में बाधा उत्पन्न होती है।
कि, यह उल्लेखनीय है कि जनरल रूल्स (सिविल) के अध्याय XXVII के नियम 615 के अंतर्गत ग्रीष्म ऋतु में अधिवक्ताओं के परिधान में शिथिलता का प्रावधान किया गया है, जिसके अनुसार काले कोट के स्थान पर हल्के रंग के कोट/अचकन/शेरवानी पहनने की अनुमति प्रदान की गई है। उक्त प्रावधान अधिवक्ताओं की सुविधा एवं स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से बनाया गया है।
कि, यह भी निवेदन है कि देहरादून, उधम सिंह नगर एवं हरिद्वार जनपद ग्रीष्म ऋतु में अत्यधिक तापमान एवं हीटवेव से सर्वाधिक प्रभावित रहते हैं, अतः इन जनपदों में उक्त शिथिलता प्रदान किया जाना अत्यावश्यक है।
कि, उपर्युक्त तथ्यों एवं विधिक प्रावधानों के दृष्टिगत, न्याय के हित में तथा अधिवक्ताओं के लिए समुचित एवं न्यायोचित कार्य परिस्थितियाँ सुनिश्चित करने हेतु, ग्रीष्मकालीन अवधि में उक्त शिथिलता को प्रभावी रूप से लागू किया जाना आवश्यक एवं समीचीन है।
अतः, आपसे विनम्र प्रार्थना है कि—
(क) ग्रीष्म ऋतु के दौरान काला कोट पहनने की अनिवार्यता से छूट प्रदान करने हेतु आवश्यक आदेश/अधिसूचना जारी करने की कृपा करें; तथा/या
(ख) अधिवक्ताओं को नियम 615, जनरल रूल्स (सिविल) के अनुसार हल्के रंग के कोट अथवा उपयुक्त ग्रीष्मकालीन परिधान में न्यायालय में उपस्थित होने की अनुमति प्रदान की जाए, विशेष रूप से देहरादून, उधम सिंह नगर एवं हरिद्वार जनपदों में।
तथ्य एवं परिस्थितियों के अनुसार न्यायहित में उपयुक्त अन्य आदेश/निर्देश पारित करने की भी कृपा करें।
और इस कृपा के लिए प्रार्थी सदा आपका आभारी रहेगा।
भवदीय,
शिवा वर्मा
अधिवक्ता
देहरादून



