ख़बर शेयर करें -

कोविडकाल में मर गई थी अनेक लोगों की इंसानियत: शंटी
– महामारी काल में साढ़े चार हजार से ज्यादा शवों का अंतिम संस्कार करने वाले जितेंद्र सिंह शंटी ने प्रेस क्लब में आयोजित ‘शंटी से संवाद’ में साझा किए अनुभव
देहरादून, 6 अप्रैल : कोविडकाल में जब मरीजों से उनके स्वजन भी दूर भाग रहे थे, जब ऐसे वक्त दिल्ली-एनसीआर में साढ़े चार हजार से ज्यादा शवों को श्मशान ले जाकर उनका अंतिम संस्कार करने वाले पद्मश्री जितेंद्र सिंह शंटी का कहना है कि कोविड जैसी आपदा के वक्त कई लोगों ने जहां अपनी क्षमतानुसार अच्छा काम किया, वहीं अनेक लोगों की इंसानियत भी इस दौरान मर गई। खासकर, हॉस्पिटल इंडस्ट्री ने जमकर लूट मचाई, लेकिन सरकारें कुछ नहीं कर पाईं।
कोविडकाल में ‘एंबुलेंस वाले सरदारजी’ और ‘पीली पगड़ी वाले सरदारजी’ जैसे नामों से ख्याति अर्जित करने वाले जितेंद्र सिंह शंटी आज उत्तरांचल प्रेस क्लब में थे। क्लब की ओर से अध्यक्ष जितेंद्र अंथवाल की अध्यक्षता व महामंत्री ओपी बेंजवाल के संचालन में मीडिया और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रमुख लोगों के लिए ‘शंटी से संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। साल-1996 से सरदार भगत सिंह सेवादल के नाम से मानवता की सेवा में समर्पित शंटी ने अपने अनुभव साझा करते हुए खासतौर से कोविडकाल की त्रासदी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कोविड की दूसरी लहर के दौरान दिल्ली में एक-एक दिन में एक-एक श्मशान में 200 से भी ज्यादा शव आ रहे थे। लोग अपने कोविड से मृत परिजन के शवों को छूने तक को तैयार नहीं थे। अनेक शवों को कंधा तक नसीब नहीं हुआ। अनेक ऐसे लोगों की कॉल भी उन्हें शव उठाने के लिए आती थी, जो काफी संपन्न थे। ऐसे कई मृतकों के परिजन शवों को अस्पताल में ही छोड़ जाते थे। कई ऐसे भी मौके आए, जब परिजनों ने मृतकों के शव उठने से पहले उसके जेवरात उतरवा कर रख लिए, लेकिन जब हमने दाह संस्कार कर दिया, तो उनकी अस्थियां तक लेने परिजन नहीं आए।
शंटी कहते हैं कि जहां पूरे कोविडकाल में कुछ लोगों ने अच्छा काम किया। अस्पतालों के डॉक्टर्स व स्टाफ भी लोगों की सेवा कर रहे थे, वहीं हॉस्पिटल इंडस्ट्री के संचालकों ने जमकर लूट मचाई। लाखों रुपये तक लोगों से लिए गए। लाशें नहीं दी गईं। दो-ढाई हजार का इंजेक्शन 20 हजार-50 हजार और ज्यादा में बेचे गए। ऑक्सीजन सिलेंडर एक-एक लाख रुपये तक में दिए गए। एंबुलेंस वाले जहां 2 हजार लेने थे, वहां एक-एक लाख तक वसूल रहे थे। सरकारें कुछ नहीं कर पा रही थीं। लग रहा था जैसे इंसानियत मर चुकी है। यह इस आपदाकाल की सबसे बड़ी त्रासदी थी। शंटी के अनुसार, उन्हें अकेले जुटे देख उनका बेटा डॉ. ज्योत जीत भी शवों के अंतिम संस्कार में जुट गया। पत्नी मंजीत ने मेरा व दोनों बेटों को इस सेवाकार्य में प्रोत्साहित किया। इसके चलते ही वे मृतकों को ‘मोक्ष’ दिलाने की कोशिश में सफल रह पाए। आगे भी जब तक जीवन है, वे लोगों की सेवा में समर्पित रहेंगे।
उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन में करेंगे मदद
जितेंद्र सिंह शंटी और आपदा प्रबंधन में विशेषज्ञता रखने वाले उनके पुत्र डॉ. ज्योत जीत ने बताया कि उत्तराखंड आपदा प्रभावित राज्य है। इसलिए, वे यहां ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों, खासकर स्कूली छात्र-छात्राओं को आपदा प्रबंधन का नि:शुल्क प्रशिक्षण देंगे। साथ ही एंबुलेंसों समेत जो जरूरी संसाधन होंगे, वे भगत सिंह सेवा दल के माध्यम से नि:शुल्क उपलब्ध कराएंगे। इसमें यहीं के लोगों को रोजगार भी मिलेगा और वे आपदा प्रभावितों तक त्वरित मदद भी पहुंचा पाएंगे। दिल्ली में उन्होंने महिलाओं के लिए अगल से एंबुलेंस सेवा शुरू की है, जिसमें उन्नति एंबुलेंस पायलट के तौर पर सक्रिय है।
अभिशौर्य ने भेंट किया स्केच, संस्थाओं ने सम्मान
उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से अध्यक्ष जितेंद्र अंथवाल ने पुष्पकली भेंटकर शंटी का स्वागत किया, जबकि संयुक्त मंत्री दिनेश कुकरेती ने जितेंद्र सिंह शंटी का परिचय दिया। पूर्व अध्यक्ष दर्शन सिंह रावत, नवीन थलेड़ी, पूर्व महामंत्री संजीव कंडवाल, वरिष्ठ पत्रकार कुमार अतुल, आईपी उनियाल व रामगोपाल शर्मा ने स्मृति चिह्न भेंट किया। पत्रकार अनुपम सकलानी के पुत्र अभिशौर्य सकलानी ने शंटी का स्कैच तैयार किया, जिसे अभिशौर्य ने शंटी को भेंट किया। दून संयुक्त नागरिक संगठन के सुशील त्यागी, प्रदीप कुकरेती, सेवा सिंह मठारू व सत्यप्रकाश ने शंटी का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। श्रीगुरु सिंह सभा आढ़त बाजार के अध्यक्ष गुरुबख्श सिंह राजन, महासचिव गुलजार सिंह, नन्हीं दुनिया की संचालक किरण उल्फत, सामाजिक कार्यकर्ता गुरदीप कौर, आशा टम्टा, शूटर दिलराज कौर, पार्षद देवेंद्र पाल मोंटी, भाजपा नेता बलजीत सिंह सोनी, खालसा कोविड क्रिमेशन टीम के सदस्य रविंद्र सिंह आनंद, गुरविंद्र सिंह आनंद, अमरजीत सिंह आनंद, नीरज ढींगरा, हरदीप सिंह, मिथुन रौथाण के साथ ही काफी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। कोषाध्यक्ष नवीन कुमार, नलिनी गोसाईं आदि ने अतिथियों का स्वागत किया।

Ad Ad Ad Ad

By amit

You missed

*उत्तराखण्ड में एसआईआर के बाद मतदाता सूची का प्रकाशन* अंतिम मतदाता सूची में 7158949 मतदाता शामिल नए मतदाताओं को सूची में शामिल करने के लिए चलेगा विशेष अभियान 8 जून से उत्तराखण्ड में हुई थी एसआईआर की शुरुआत 14 जुलाई को किया गया था ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखण्ड राज्य में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान संपादित किया गया। उत्तराखण्ड में इस 8 जून 2026 से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत हुई जिसके बाद 14 जुलाई 2026 को प्रदेश में ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। दावे आपत्तियों के निस्तारण के बाद शनिवार, 03 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। प्रदेश में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरु होने के दिन दिनांक 8 जून 2026 को प्रदेश में 7960762 मतदाता शामिल थे। गणना फार्म वितरण एवं संकलन के बाद प्रदेश में 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया जिसमें 7133785 मतदाता मतदाता सूची में शामिल हुए। आयोग द्वारा निर्धारित तिथि के अनुसार 14 जुलाई 2026 से 13 अगस्त 2026 तक मतदाताओं को दावे एवं आपत्ति दर्ज कराने का समय दिया गया। इसी क्रम में 13 अगस्त 2026 से 28 सितंबर 2026 तक प्रदेश में दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण किया गया। दावे आपत्तियों के निस्तारण के बाद शनिवार, 03 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया जिसमें 7158949 मतदाता सूची में शामिल हैं। वर्तमान में प्रदेश में कुल मतदेय स्थलों की संख्या 12543 है। अंतिम मतदाता सूची में शामिल 7158949 मतदाताओं में (3421036 महिला, 3737701 पुरुष, 212 थर्ड जेंडर मतदाता) शामिल हैं। इसके साथ ही प्रदेश में 18-19 आयुवर्ग में 72656 मतदाता, एवं 80 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के 122892 मतदाता शामिल हैं। प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दावे आपत्तियों के निस्तारण के बाद मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में कुल 129872 नए मतदाता शामिल किए गए हैं जबकि 104708 मतदाताओं को नियमानुसार सूची से विलोपित किया गया है। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाईट www.voter.eci.gov.in एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाईट www.ceo.uk.gov.in पर ऑनलाइन विजिट कर देखी जा सकती है। इसके साथ हीं डीईओ / ईआरओ कार्यालय एव बीएलओ से भी सूची प्राप्त की जा सकती है। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद ऐसे व्यक्ति जो किन्ही कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं वे सभी फार्म 6 भरकर ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन एवं अपने बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन मोड में भी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए स्पेशल कैंप लगाए जाएंगे और बीएलओ को घर-घर जाकर जानकारी लेने का निर्देश दिया गया है। 1- बीएलओ वर्तमान मतदाता सूची का प्री-एसआईआर से पहले की सूची से मिलान करेंगे। वे ऐसे वोटरों की पहचान करेंगे जिनके नाम एसआईआर से पहले की सूची में शामिल थे, लेकिन मौजूदा सूची में नहीं हैं, और ऐसे वोटरों की एक लिस्ट तैयार करेंगे। 2- बीएलओ चिन्हित मतदाताओं के घर-घर जाकर उनकी मौजूदा स्थिति का पता लगाएंगे और जो लोग योग्य पाए जाएंगे, उनका नाम वोटर लिस्ट में शामिल करने के लिए फॉर्म 6 भरवाने में मदद करेंगे। 3- बीएलओ घर-घर जाने के दौरान यह भी सुनिश्चित करेंगे कि जो मतदाता छूट गए हैं, पहली बार मतदान देने वाले हैं या युवा मतदाता हैं, उनके लिए फॉर्म 6 भरा जाए। 4- बीएलओ इस सूची को मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स के साथ साझा करेंगे। 5- इस प्रक्रिया के आखिर चरण में ईआरओ बूथवार सूची को राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी साझा करेंगे, ताकि उन्हें छूटे हुए मतदाताओं का नाम सूची में शामिल करवाने का एक और अवसर मिल सके। 6- इसके साथ ही, मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने हेतु आवेदन जमा करने में आसानी हो इसके लिए बूथ लेवल कैंप भी लगाए जाएंगे। नाइट शेल्टर, लेबर कॉलोनी में रहने वाले लोगों के साथ-साथ बेघर और हाशिए पर रहने वाले लोगों के नाम सूची में शामिल करने के लिए विशेष कैंप भी लगाए जाएंगें