दून में 5 दिनों में तीसरी महिला की हत्या! युवती की शिकायत को पुलिस ने गम्भीरता से लिया होता तो आज नहीं देखना पड़ता ये दिन!
देहरादून जिले में पिछले 5 दिनों के भीतर तीसरी महिला कर दी गई। आज देहरादून के दूल्हा बाजार में एक सिरफिरे ने निर्मम तरीके से 23 वर्षीय युवती की चापड़ से गला काटकर हत्या कर दी। इससे पहले 29 जनवरी को विकासनगर में 18 साल की छात्रा की गला और नाक काटकर बर्बर हत्या कर दी गई थी, जिसका आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। वहीं, 31 जनवरी को ऋषिकेश के शिवाजी नगर में एक महिला की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लगातार हो रही इन वारदातों से राजधानी में महिलाओं और उनके परिजनों में डर का माहौल है।
सरेआम चापड़ से किया ताबड़तोड़ हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दूल्हा बाजार में आज सुबह युवती अपने घर से निकली थी तभी आरोपी आकाश ने उसे रोका। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई, जो बहस में बदल गई। इसी दौरान आकाश ने अपने पास छिपाकर रखे चापड़ से गुंजन की गर्दन पर वार कर दिया।
गला इतनी बुरी तरह कटा कि वो लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। स्थानीय लोग उसे तत्काल दून अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस जघन्य हत्याकांड के बाद इलाके में भारी तनाव है और व्यापारियों ने विरोध में बाजार की दुकानें बंद कर दीं। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।
इस हत्याकांड के पीछे स्थानीय पुलिस की घोर लापरवाही सामने आ रही है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी आकाश पिछले कई दिनों से युवती को परेशान कर रहा था। दो दिन पहले ही उसने जान से उसको धमकी दी थी। इसकी लिखित शिकायत खुड़बुड़ा पुलिस चौकी में दर्ज कराई थी। आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और ढीला रवैया अपनाया। शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने से आकाश के हौसले बुलंद हो गए और उसने बेखौफ होकर इस वारदात को अंजाम दे दिया।
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि हत्यारोपी आकाश कुमार (27), जो मन्नूगंज खुड़बुड़ा का रहने वाला है, पहले युवती का दोस्त था। आकाश की शादी होने के बाद युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी थी और दूरी बना ली थी।
इसके बावजूद आकाश उसका पीछा नहीं छोड़ रहा था। युवती पिछले 5-6 सालों से दूल्हे के कपड़ों की एक दुकान में काम करती थी। कोमल राम का बेटा आकाश, युवती द्वारा रिश्ता खत्म करने की बात को पचा नहीं पा रहा था।



