ख़बर शेयर करें -

सचिव स्वास्थ्य के निर्देशों के क्रम में हरिद्वार, देहरादून एवं उधमसिंहनगर में ड्रग डिपार्टमेंट की बड़ी कार्रवाई, कोडीन युक्त सिरप के मामले में हुआ एक्शन

सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा द्वारा सचिवालय में खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों के साथ कोडीन युक्त सिरप एवं मनःप्रभावी औषधियों के बढ़ते दुरूपयोग एवं गैर कानूनी व्यापार के सम्बन्ध में बैठक ली गयी तथा इस प्रकार की गतिविधियों पर अंकुश लगाये जाने पर अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किये गये ।

सचिव की ओर से स्पष्ट निर्देश दिये है कि जनहित एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु इस प्रकार की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।

प्राप्त निर्देशों के क्रम में अपर आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा औषधि निरीक्षकों के 03 दल गठित करते हुए जनपद देहरादून में तैनात औषधि निरीक्षकों को जनपद हरिद्वार का जिम्मा, हरिद्वार जनपद के अधिकारियों को देहरादून का जिम्मा व इसी प्रकार नैनीताल जनपद में तैनात औषधि निरीक्षकों को जनपद उधमसिंहनगर का जिम्मा सौंपतें हुए समस्त औषधि अनुज्ञप्ति प्रतिष्ठान जहां भी इस प्रकार की गतिविधियां चल रहीं हैं पर औचक निरीक्षण कर कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये गये ।

विभाग द्वारा गठित टीम ने प्राप्त शिकायतों एवं जानकारी के आधार पर आज विभिन्न क्षेत्रों में औचक छापेमारी की गयी। आज जनपद देहरादून में हर्बटपुर क्षेत्र में 02 प्रतिष्ठान M/s Mystic Pharma Healthcare & Trust Way Pharmaceutical पर औचक छापेमारी कर सघन निरीक्षण किया गया। फर्मों में उल्लंघन पाये जाने पर दोनों दुकानों को सील कर चाबी सम्बन्धित थाने को सोंपी गयी है। जनपद हरिद्वार में M/s Animentis life Sciences Pvt. Ltd., Salempur, Bahadrabad पर अनियमितता पाये जाने पर उपलब्ध औषधियों के स्टॉक को फार्म 15 पर सीज किया गया है तथा अग्रिम कार्यवाही प्रचलित है। वहीं जनपद उधमसिंहनगर में सूचना के आधार पर टीम M/s Futec Pharmaceuticals Pvt. Ltd., Rudrapur के प्रतिष्ठान पर पहुंची, जो मौके पर बन्द पायी गयी, टीम द्वारा फर्म के शटर पर औषधि अधिनियम के अन्तर्गत नोटिस चस्पा कर फर्म स्वामी को दूरभाष पर अवगत कराया गया तथा दुकान टीम की उपस्थिति में खोले जाने के निर्देश दिये गये।

विभाग का कहना है कि उपरोक्त कार्यवाही चरणबद्ध रूप से समस्त प्रदेश में निरंतर जारी रहेगी। विभाग द्वारा जन सामान्य से भी अपील की गयी है कि किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा सूचना विभाग को उपलब्ध करायें ताकि समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

Ad

By amit